पंचायतीराज चुनाव: संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण, चुनाव सुरक्षा की तैयारियां तेज

डूंगला, 29 अक्टूबर। पत्रकार पोपट लाल उर्फ प्रवीण कुमार मेेहता ! पंचायत आम चुनाव 2026 के मद्देनजर आज उपखंड अधिकारी डूंगला श्री ईश्वरलाल खटीक, वृत्ताधिकारी पुलिस, बड़ीसादड़ी श्री हरिश्चंद्र एवं थानाधिकारी डूंगला श्री ओम सिंह द्वारा उपखंड क्षेत्र के डूंगला, किशन करेरी, रावतपुरा, भानपा एवं बड़वाई स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
अधिकारियों ने संबंधित कार्मिकों को मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन के दौरान सतर्कता, आपसी समन्वय एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत आम चुनाव 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया।