राजस्थान में भाजपा हैट्रिक बनाने से चूक गई। 25 लोकसभा सीटों में से भाजपा को 14 सीट पर जीत मिली। कांग्रेस ने 10 साल बाद खाता खोला। इंडिया गठबंधन 11 सीट पर जीता। चौंकाने वाला परिणाम बाड़मेर सीट का रहा। यहां से केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी चुनाव हार गए। वे तीसरे नंबर पर रहे। जालोर सीट से पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत चुनाव हार गए।
भजनलाल सरकार में मंत्री किरोड़ीलाल मीणा, सुमित गोदारा, जवाहर सिंह बेढम और केके विश्नोई के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। पूर्व सीएम अशोक गहलोत के विधानसभा क्षेत्र सरदारपुरा में कांग्रेस नहीं जीत पाई। सीएम भजन लाल शर्मा और डिप्टी सीएम दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा की विधानसभा सीट पर भाजपा ने बढ़त हासिल की।
पायलट-डोटासरा के क्षेत्र में कांग्रेस जीती
पूर्व सीएम अशोक गहलोत के विधानसभा क्षेत्र सरदारपुरा में भाजपा प्रत्याशी को 15181 वोट से जीत मिली। भाजपा को 90005 और कांग्रेस को 74824 वोट मिले। पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के विधानसभा क्षेत्र टोंक में कांग्रेस को 4524 वोट की लीड मिली। कांग्रेस को 79188 और भाजपा को 74664 वोट मिले। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के विधानसभा क्षेत्र लक्ष्मणगढ़ कांग्रेस को 13165 वोटों की लीड मिली। कांग्रेस को 85772 और भाजपा को 72607 वोट मिले।