Download App from

Follow us on

जोधपुर में सरपंच समेत 5 के मर्डर का प्लान:रिटायर्ड फौजी लॉरेंस के गुर्गों की मदद से जमीन विवाद का बदला लेना चाहता था

जोधपुर में दिनदहाड़े सरपंच समेत 5 लोगों की हत्या करने की योजना थी। जमीन विवाद और झूठे मुकदमे से परेशान बदमाश बदला लेना चाहता था। प्लान बनाने वाला रिटायर्ड फौजी हिस्ट्रीशीटर उम्मेद सिंह है, जो लॉरेंस गैंग से जुड़ गया है।

जोधपुर पुलिस को इसकी भनक लग गई और तीन अलग-अलग इलाकों (मंडौर, माता का थान और सूरसागर) से 6 बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनमें अमित पारीक, ईश्वर सिंह, ईश्वर सोलंकी, उम्मेद सिंह, रावल सिंह और आयुष पंडित शामिल हैं। इन बदमाशों से 6 पिस्तौल, 13 मैग्जीन और 127 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

मामला जोधपुर कमिश्नरेट ईस्ट का है। इन सभी बदमाशों की गिरफ्तारी बुधवार सुबह 10:30 बजे दिखाई गई है। मंगलवार आधी रात से इन्हें पकड़ने के लिए ऑपरेशन ‘सनराइज’ चलाया गया था।

ये था पूरा मामला
कमिश्नर रवि कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी उम्मेद सिंह आठ साल तक फौज में काम कर चुका है। इसका कॉन्टैक्ट लॉरेंस से है। जोधपुर से करीब 20 किमी दूर चोखा गांव के सरपंच चुन्नीलाल टांक से उम्मेद सिंह का विवाद चल रहा था। बकाया पैसे के लेन-देन और जमीन विवाद इसकी वजह है। पूछताछ में ये भी सामने आया कि चुन्नीलाल टांक ने उम्मेद सिंह के खिलाफ पॉक्सो का भी मामला दर्ज करवाया था।

दोनों के इस विवाद में चुन्नीलाल के साथ ही चन्द्रवीर सिंह, खिरजा (जोधपुर) निवासी शंकर सिंह व उगम सिंह और देहरिया (जोधपुर) निवासी भैरू सिंह से भी दुश्मनी थी। इसी को लेकर वह चुन्नीलाल के बाद इनकी हत्या करना चाह रहे थे।

रेकी के लिए 2 बदमाश हायर किए
कमिश्नर ने बताया कि प्लान के अनुसार उम्मेद सिंह ने रेकी करने के दो लोगों को हायर भी किया था। जोधपुर पुलिस आयुक्त रविदत्त गौड़ ने बताया कि मंगलवार को साइबर सेल के हेड कॉन्स्टेबल प्रवीण गहलोत को सूचना मिली थी कि चोखा सरपंच चुन्नीलाल टांक व चार अन्य व्यक्तियों की हत्या की साजिश रची जा रही है। साजिश रच रहे बदमाश थाना मंडोर क्षेत्र के ओगडेश्वर महादेव मंदिर के पीछे दुर्गम पहाड़ी इलाकों-जंगल में कुछ दिनों से छिपे हुए हैं।

हेड कॉन्स्टेबल को प्रमोशन
सूचना पर जोधपुर कमिश्नर के निर्देश पर एडीसीपी नाजिम अली के नेतृत्व में अलग-अलग 6 टीम, 8 बाइक राइडर्स व शार्प शूटर की टीम गठित की गई थी। मंगलवार देर रात ढाई बजे पहाड़ की घेराबंदी की। यहां से पुलिस ने उम्मेद सिंह व रावल सिंह को हिरासत में लिया। इन दो बदमाशों की बताई लोकेशन माता का थान और सूरसागर से बाकी 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। इधर,डीजीपी उमेश मिश्रा ने हेड कॉन्स्टेबल को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन के निर्देश दिए हैं। इसके बाद उन्हें एएसआई के पद पर प्रमोट किया जाएगा।

शार्प शूटर को लेकर आया था बदमाश

डीसीपी अमृता दुहन ने बताया कि उम्मेद सिंह ने रेकी के लिए ईश्वर सिंह और ईश्वर सोलंकी को लगाया था। वहीं आयुष पंडित नाम के शार्प शूटर को उम्मेद सिंह लेकर आया था। प्लान था कि आयुष पंडित को 1 पिस्तौल भेज सरपंच के पास भेजा जाएगा।

इधर, जैसे ही फायरिंग की सूचना मिलती बदमाश रावल सिंह हथियारों के साथ उम्मेद सिंह को लेकर बाइक पर रवाना होता। इससे पहले ही पुलिस ने इन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने अमित पारीक के पास से 2 पिस्तौल, 5 मैग्जीन और 68 कारतूस और एक अन्य साथी के पास से 1 पिस्तौल, 3 मैग्जीन और 68 कारतूस बरामद किए हैं

पुलिस ने देर रात चलाया ऑपरेशन सनराइज

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना के बाद देर रात करीब 2:30 बजे बदमाशों की तलाश में ऑपरेशन सनराइज चलाया गया। दुर्गम पहाड़ी इलाकों व जंगलों की घेराबंदी की गई। यहां से उम्मेद सिंह व रावल सिंह को दो लोडेड पिस्तौल, 24 कारतूस और एक पावर बाइक के साथ गिरफ्तार किया।

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल