गूं कस्बे में मंगलवार रात 8.30 बजे लालबाई फूलबाई चौक में होली पर गैर नृत्य का शुभारंभ हुआ। नगर पालिका द्वारा फागोत्सव पर पहली बार आयोजित पारंपरिक गैर नृत्य 13 मार्च शीतला सप्तमी तक चलेगा।
विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी के आदेश पर नपा अध्यक्ष रंजना शर्मा ने कस्बे में होली पर गैर नृत्य की एक नई पहल की। ढ़ोल की थाप पर पुरुष वर्ग ने जमकर नृत्य किया। नृत्य करने वाले कलाकारों का साफा बंधवाकर, माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। गैर नृत्य को देखने कस्बे के लोग पहुंचे। बताया गया कि गैर नृत्य का कार्यक्रम 13 मार्च तक 6 दिन और चलेगा।
आकर्षक रोशनी से जगमगाया नृत्य मंडप
नपा पार्क के सामने चौक में नृत्य मंडप को रंग बिरंगी आकर्षक रोशनी से सजाया गया। गोलाकार मंडल में रंगोली बनाई गई। पुलिस और नपा के कर्मचारी तैनात थे। महिला और पुरुष दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई।
गैर नृत्य के शुभारंभ अवसर पर अतिथि नगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित बैरागी,नपा उपाध्यक्ष प्रिंस बाबेल, नारायण लाड़, पार्षद मदनलाल रेगर, मुकेश खटीक, बंशी लाल मेहर, देवी लाल माली आदि मौजूद रहे। नपा कर्मचारी गोविंद मेहर, दिनेश शर्मा, दिनेश माली आदि ने अतिथियों और कलाकारों का स्वागत किया।