कोटा में एक युवक ने शादी के 2 महीने बाद ही फंदे पर लटककर सुसाइड कर लिया। सुसाइड से पहले मात-पिता का फोन कर हालचाल पूछा। पत्नी खाना बना रही थी। इस दौरान कमरे में फांसी का फंदा लगा लिया। थोड़ी देर बाद पत्नी खाना लेकर कमरे में पहुंची। गेट अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ा तो युवक फांसी पर लटका हुआ था। घटना विज्ञाननगर थाना क्षेत्र की है।
शुक्रवार को एमबीएस हॉस्पिटल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया। युवक संदीप मीणा (28) बूंदी का रहने वाला था। दो महीने पहले ही दीक्षा (26) से उसकी शादी हुई थी। प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग के चलते युवक के आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कोटा में रह रहे थे पति-पत्नी
मृतक संदीप ने बीटेक की पढ़ाई की थी। फिलहाल आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी में संविदा पर काम कर रहा था। परिवार में इकलौता बेटा था। दो बहनों की शादी हो चुकी है। पिता साहब लाल बैंक मैनेजर की पोस्ट से रिटायर्ड हैं। उनका बूंदी में लाखेरी के पापड़ी में खेत व मकान है। एक मकान कोटा के विज्ञान नगर इलाके में भी है। संदीप अपनी पत्नी के साथ कोटा वाले मकान में रह रहा था। संदीप के परिजन भी आते जाते रहते थे।
5 दिन पहले ही गांव गए थे घरवाले
5 दिन पहले परिजन गांव में खेती संभालने गए थे। गुरुवार को सुसाइड वाले दिन पति पत्नी दोनों घर पर थे। पत्नी किचन में खाना बना रही थी। संदीप अपने कमरे में था। शाम करीब 7 बजे पत्नी दीक्षा खाना लेकर कमरे में गई। संदीप ने गेट नहीं खोला। उसी दौरान संदीप का दोस्त जीशान घर आया। दोनों ने मिलकर गेट तोड़ा। फिर हॉस्पिटल लेकर आए।
साड़ी से फंदा बनाकर सुसाइड किया
विज्ञाननगर थाना हेड कॉन्स्टेबल गोविंद ने बताया- युवक ने देर शाम को पंखे से साड़ी का फंदा लगाकर सुसाइड किया है। फिलहाल कारणों का पता नहीं लगा है। जांच के बाद स्थिति साफ होगी।