Download App from

Follow us on

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जोशी का निंबाहेड़ा आगमन पर भव्य स्वागत बोले – मैं तो पार्टी का एक छोटा सा कार्यकर्ता हूं जो इस पद पर एक चिन्ह के रूप में काम कर रहा हूं ( संजय खाबिया, स्वतंत्र पत्रकार)

चित्तौड़गढ़, दर्शन न्यूज़। विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद पर नियुक्त होने से लेकर आज तक जो सम्मान एवं अभिनंदन भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा किया जा रहा है, वह मेरा नहीं सन 1952 से लेकर जिन्होंने यह सपना संजोया था एवं विश्वास के दीप जलाए थे लोगों का सम्मान है। मैं तो पार्टी का एक छोटा सा कार्यकर्ता हूं जो इस पद पर एक चिन्ह के रूप में काम कर रहा हूं भविष्य में और कोई इस पद पर होगा लेकिन हम सबको सदैव पार्टी हित को सर्वोपरि रखकर इसको आगे बढ़ाने का कार्य करते रहना है।
उक्त विचार भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी ने प्रथम बार निंबाहेड़ा आगमन पर आयोजित स्वागत सम्मान एवं अभिनंदन समारोह में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
इस अवसर पर जोशी ने राज्य की गहलोत सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के कुशासन में युवाओं के साथ कुठारघात हो रहा है, आए दिन पेपर लीक, भ्रष्टाचार, वीरांगनाओं के साथ अपमान, किसानों के साथ धोखा करने के साथ ही राज्य में समुदाय विशेष के लोगों को टारगेट कर उनके साथ अप्रिय घटनाएं की जा रही है। राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा एनसीईआरटी की जो डेढ़ करोड़ किताबें राजस्थान के स्कूली बच्चों को पढ़ाने के लिए भिजवाई थी, कांग्रेस की राज्य सरकार ने अपना मुगल प्रेम दर्शाते हुए उन्हें बच्चों तक पहुंचने ही नहीं दिया, बल्कि पुरानी किताबें ही बंटवा दी। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में जिस प्रकार राज्य सरकार जनता को सड़क पर लाई है, उसी प्रकार चुनाव में जनता भी कांग्रेस को आईना दिखाते हुए सड़क पर ले आएगी।
भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी के निंबाहेड़ा आगमन पर शेखावत सर्कल पर भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य आतिशबाजी एवं बैंड बाजों के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष जोशी ने पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी, विधानसभा संयोजक एवं पूर्व विधायक अशोक नवलखा, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में पूर्व उपराष्ट्रपति स्वर्गीय भैरों सिंह शेखावत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।
निंबाहेड़ा पंचायत समिति प्रांगण में आयोजित स्वागत सम्मान एवं अभिनंदन समारोह का शुभारंभ प्रदेशाध्यक्ष जोशी, पूर्व मंत्री कृपलानी, जिलाध्यक्ष गौतम दक सहित अतिथियों ने भारत माता, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी ने प्रदेशाध्यक्ष जोशी को प्रतीक चिन्ह स्वरूप भगवान श्री राम की प्रतिमा भेंट की।
स्वागत उद्बोधन देते हुए पूर्व मंत्री कृपलानी ने निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र के समस्त कार्यकर्ताओं की ओर से प्रदेशाध्यक्ष जोशी का स्वागत किया तथा उनके नेतृत्व में आने वाले विधानसभा चुनाव में जिले की पांचो सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के विजय होने की बात कही। समारोह का संचालन पूर्व विधायक अशोक नवलखा ने किया। इस दौरान मंच पर जिला प्रमुख सुरेश धाकड़, जिलाध्यक्ष गौतम दक, पंचायत समिति प्रधान बगदीराम धाकड़, निम्बाहेड़ा नगर मण्डल अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष गब्बर सिंह अहीर, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, कनेरा मण्डल अध्यक्ष जुगलकिशोर धाकड़, छोटीसादडी पूर्व प्रधान महावीर सिंह कृष्णावत, छोटीसादड़ी मण्डल अध्यक्ष रामचंद्र माली, सांसद प्रवक्ता रघु शर्मा, श्रवण सिंह राव, हर्षवर्धन सिंह आदि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेशाध्यक्ष का निंबाहेड़ा भारतीय जनता पार्टी, भारतीय जनता युवा मोर्चा, भाजपा महिला मोर्चा, भाजपा एससी मोर्चा, भाजपा किसान मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, नगर पालिका निंबाहेड़ा के भाजपा पार्षद दल, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ उपरना ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके साथ ही नगर की लायनेस क्लब तेजस्विनी, विप्र फाउंडेशन महिला मंडल, स्टांप वेंडर एसोसिएशन, जैन सोशल ग्रुप ओके, सारस्वत समाज, स्वर्णकार समाज, सेन समाज, तेली समाज, माहेश्वरी नवयुग मंडल, श्री मातेश्वरी सेवा संस्थान, कुमावत समाज, सिंधी समाज, बेरवा समाज, भारत विकास परिषद, प्रबुद्ध नागरिक सेवा संस्थान, भारतीय जैन संगठन, सर्व व्यापार मंडल, अखिल भारतीय साहित्य परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, नाथ समाज, राजपूत समाज, धोबी समाज, मीणा समाज, प्रजापत समाज, लघु उद्योग संस्थान, बाबा रामदेव व्यायामशाला, धाकड़ समाज एवं कृषि उपज मंडी युवा व्यापार संघ सहित ईपीएस पेंशनर संघर्ष समिति व अहिर समाज द्वारा भी प्रदेशाध्यक्ष जोशी का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में आभार भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी ने व्यक्त किया।
प्रदेशाध्यक्ष जोशी ने कार्यक्रम से पूर्व शेखावत सर्कल पर भाजपा के दीवार लेखन अभियान की शुरुआत भाजपा के चिन्ह कमल में रंग भर कर की।

Sanjay Khabya
Author: Sanjay Khabya

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल