डूंगला में दिनदहाड़े बैंक के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

डूंगला (चित्तौड़गढ़)। कस्बे में चोरों के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार दोपहर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) शाखा डूंगला के बाहर से एक अज्ञात चोर दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चुराकर ले गया। चोरी की यह पूरी वारदात बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, अमरपुरा खेड़ा (पार्श्वनाथ कॉलोनी, मंगलवाड़ रोड, डूंगला) निवासी जीवन पिता कैलाशचंद्र लोहार ने पुलिस थाना डूंगला में इस संबंध में लिखित रिपोर्ट पेश की है। प्रार्थी ने रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12:25 बजे उन्होंने अपनी नीले रंग के सीट कवर वाली हीरो स्प्लेंडर प्लस (X-tec) मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर RJ 09 S 3817) भारतीय स्टेट बैंक शाखा डूंगला के बाहर खड़ी की थी।
इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने मौके का फायदा उठाते हुए दूसरी चाबी का इस्तेमाल कर बाइक का लॉक खोला और उसे चुराकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में हल्के रंग की शर्ट पहने एक युवक बाइक ले जाते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
पीड़ित जीवन लोहार ने डूंगला पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोर की तलाश कर जल्द से जल्द अपनी मोटरसाइकिल बरामद करवाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
